
दमकल की तीन गाड़ियों ने आग पर पाया काबू, कार मालिक ने जताया संदेह; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
नई दिल्ली। दिल्ली के यमुना विहार इलाके में सोमवार सुबह खड़ी इलेक्ट्रिक कार में अचानक आग लग गई। आग ने पास खड़ी एक स्कूटी और दूसरी कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में इलेक्ट्रिक कार और स्कूटी पूरी तरह जल गईं, जबकि दूसरी कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:09 बजे पुलिस को सी-12, मेन रोड पर मस्जिद के पास खड़ी इलेक्ट्रिक कार में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही भजनपुरा थाना पुलिस और गोकुलपुरी फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया।
आग की चपेट में आने से इलेक्ट्रिक कार और स्कूटी पूरी तरह जल गईं, जबकि पास खड़ी दूसरी कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
कार मालिक ने घटना को लेकर संदेह जताया है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि आग दुर्घटनावश लगी या इसके पीछे किसी की भूमिका थी। मामले की जांच जारी है।