
सातवें पीरियड में पानी पीने की बात कहकर कक्षा से निकली थी छात्रा, स्कूल परिसर में आग लगने से हुई मौत; पुलिस ने CCTV का DVR कब्जे में लेकर शुरू की जांच
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा जिले के कृष्णा नगर स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में शनिवार को 12वीं कक्षा की करीब साढ़े 17 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। स्कूल परिसर में छात्रा ने कथित तौर पर खुद को आग लगा ली। घटना के बाद स्कूल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, छात्रा के परिजनों ने स्कूल स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आशंका जताई है कि उनकी बेटी किसी साजिश का शिकार हुई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को स्कूल में सातवां पीरियड चल रहा था। इसी दौरान छात्रा ने शिक्षक से पानी पीने जाने की अनुमति मांगी और बोतल लेकर कक्षा से बाहर निकल गई। इसके बाद वह गार्ड रूम के पीछे पानी की टंकी के पास पहुंची। पुलिस के अनुसार, इसी स्थान पर उसने कथित तौर पर अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। छात्रा के चिल्लाने की आवाज सुनकर स्कूल स्टाफ मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना शनिवार सुबह करीब 11:58 बजे मिली। मौके पर पहुंची एंबुलेंस में मौजूद चिकित्सक ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत की पुष्टि हुई। घटना के बाद स्कूल में छुट्टी से पहले ही छात्राओं को घर भेज दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को छात्रा के बैग से तीन पन्नों में लिखा एक नोट मिला है। हालांकि, पुलिस ने नोट में लिखी बातों के बारे में फिलहाल कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस इस नोट की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पुलिस ने स्कूल में लगे CCTV कैमरों का DVR कब्जे में ले लिया है। इसके अलावा गार्ड, स्कूल स्टाफ, छात्राओं और मृतका की सहेलियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय सुरक्षा व्यवस्था कैसी थी और छात्रा के कक्षा से निकलने के बाद क्या हुआ। मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।
छात्रा के परिजनों ने घटना पर सवाल उठाते हुए स्कूल स्टाफ की जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। परिवार का कहना है कि छात्रा ऐसा कदम नहीं उठा सकती और उन्हें किसी अनहोनी या साजिश की आशंका है। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा के अनुसार, छात्रा घोंडली, कृष्णा नगर में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रहती थी। परिवार मूल रूप से झारखंड के कोडरमा का रहने वाला है। शनिवार सुबह करीब सात बजे उसकी बड़ी बहन उसे स्कूल छोड़कर आई थी। दोपहर एक बजे तक छात्रा घर नहीं पहुंची तो उसकी भाभी उसे लेने स्कूल पहुंचीं। वहां उन्हें घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी स्कूल पहुंचे।
दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने घटना को दुखद और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उनके अनुसार, जांच के निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा मंत्री और कृष्णा नगर के विधायक अनिल गोयल भी स्कूल पहुंचे। स्कूल प्रबंधन ने उपलब्ध साक्ष्य पुलिस को सौंप दिए हैं।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, बरामद नोट और संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है। छात्रा की मौत के कारणों और परिजनों की ओर से जताई गई आशंकाओं की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।