
नई दिल्ली। दीपावली और छठ पर बिहार, झारखंड और पूर्वांचल स्थित अपने घर लौटने की तैयारी कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों के सामने इस बार भी सफर की चुनौती खड़ी हो गई है। त्योहारों में अभी समय है, लेकिन कई नियमित ट्रेनों में सीटें तेजी से भर चुकी हैं और प्रमुख रूटों पर लंबी वेटिंग शुरू हो गई है। दूसरी ओर, ट्रेन में टिकट नहीं मिलने का असर हवाई किराये पर भी दिखाई दे रहा है।
दिल्ली से पटना के बीच नवंबर की पीक तारीखों में हवाई किराया 15 से 20 हजार रुपये या उससे अधिक पहुंच रहा है। मौजूदा बुकिंग डेटा में 7 नवंबर के लिए दिल्ली-पटना का किराया करीब 19 हजार रुपये तक दिख रहा है।
दिल्ली से बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में सबसे ज्यादा दबाव दिखाई दे रहा है। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस में नवंबर की शुरुआती तारीखों पर कई श्रेणियों में नो रूम और लंबी वेटिंग की स्थिति है। तेजस राजधानी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों में भी यात्रियों को कन्फर्म टिकट के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
दिल्ली-दरभंगा रूट की बिहार संपर्क क्रांति और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में भी सीटों की उपलब्धता तेजी से कम हो रही है। दरभंगा जाने वाली सरयू-यमुना एक्सप्रेस और बिहार के अन्य प्रमुख रूटों पर भी लंबी वेटिंग देखी जा रही है।
बिहार के साथ-साथ झारखंड जाने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों की भीड़ बढ़ रही है। नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस और झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में त्योहार के आसपास की तारीखों के लिए कई श्रेणियों में वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति सामने आ रही है।
रेल टिकट की कमी के बीच यात्रियों के पास विमान का विकल्प बचता है, लेकिन यहां भी जेब पर भारी असर पड़ रहा है। सामान्य दिनों की तुलना में दिल्ली-पटना हवाई किराये में कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सितंबर में भी त्योहारी तारीखों के लिए दिल्ली-पटना किराये में तेज वृद्धि की रिपोर्ट सामने आई थी।
मौजूदा बुकिंग में 5 नवंबर के आसपास किराया करीब 13-14 हजार रुपये, 6 नवंबर को 15-16 हजार रुपये और 7 नवंबर को करीब 19 हजार रुपये तक पहुंच रहा है। 10 नवंबर को भी किराया 11-12 हजार रुपये के आसपास दिखाई दे रहा है।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने त्योहार विशेष ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। दिल्ली जंक्शन-गया फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन संख्या 04064/04063 का संचालन 26 अक्टूबर से 30 नवंबर तक बढ़ाया गया है। वहीं नई दिल्ली-पटना फेस्टिवल स्पेशल 04088/04087 भी 26 अक्टूबर से 30 नवंबर तक रोजाना चलाने की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा नई दिल्ली-दानापुर फेस्टिवल स्पेशल के फेरे भी बढ़ाए गए हैं। अब इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में दो दिन किया जाएगा। इन अतिरिक्त ट्रेनों से यात्रियों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि नियमित ट्रेनों में पहले से भारी दबाव और त्योहारी तारीखों पर बढ़ते हवाई किराये को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर से बिहार, झारखंड और पूर्वांचल लौटने वालों के लिए इस बार भी घर की राह आसान नहीं रहने वाली है।