
शालीमार बाग में घर को बनाया निशाना, पुलिस ने सोने के आभूषण और मोबाइल किया बरामद
नई दिल्ली। दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में दिनदहाड़े घर से करीब 10 लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राकेश उर्फ राकू (34), रवि सोनी (32) और विक्रम (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16.78 ग्राम सोने के आभूषण और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, 10 अक्तूबर को घर में चोरी की शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने खुफिया जानकारी और तकनीकी निगरानी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और राकेश को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर रवि सोनी और विक्रम को भी पकड़ लिया गया।
राकेश पर दर्ज हैं 22 मामले
पुलिस के मुताबिक, आरोपी राकेश के खिलाफ लूट, चोरी और शस्त्र अधिनियम के तहत 22 मामले दर्ज हैं। वह शालीमार बाग थाने का घोषित बदमाश है और उसे पहले जिला बदर भी किया जा चुका है।
पुलिस अब चोरी की बाकी संपत्ति बरामद करने के प्रयास कर रही है। मामले में आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।