
देहरादून। राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार को पैसों के विवाद के बाद तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, प्लंबर का काम करने वाले आरोपी राजकुमार का बुजुर्ग दंपती से मेहनताना को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद आरोपी ने पेचकस से बुजुर्ग दंपती और बीच-बचाव करने पहुंची महिला पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतकों की पहचान 80 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 75 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और 48 वर्षीय तिलया देवी उर्फ शीला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजकुमार मूल रूप से बिजनौर का रहने वाला है और देहरादून के इंद्रेश नगर में रहता है। वह रमेश कपूर के घर पर प्लंबिंग का काम करने के लिए आया था। काम पूरा होने के बाद भुगतान को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, राजकुमार ने काम के बदले 600 रुपये मांगे थे, जबकि रमेश कपूर की ओर से 300 रुपये देने की बात कही गई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। बताया गया कि आरोपी गुस्से में कुछ देर के लिए घर से बाहर चला गया और फिर वापस लौटा। इसके बाद उसने पेचकस से रमेश कपूर और उनकी पत्नी रजनी कपूर पर हमला कर दिया।
इसी दौरान पड़ोस में काम करने वाली शीला ने बुजुर्ग दंपती की चीख-पुकार सुनी और मदद के लिए उनके घर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, उसने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस वारदात में इस्तेमाल पेचकस ने 2014 में रिलीज हुई फिल्म ‘एक विलेन’ की याद ताजा कर दी। फिल्म में रितेश देशमुख ने सीरियल किलर राकेश महाडकर का किरदार निभाया था और फिल्म में पेचकस को अपराध के हथियार के तौर पर दिखाया गया था। हालांकि, देहरादून की घटना में पेचकस का इस्तेमाल किसी फिल्मी कहानी का हिस्सा नहीं, बल्कि पुलिस के मुताबिक पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद वास्तविक वारदात में किया गया।
घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल पेचकस और एक सोने की चेन बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी के मोबाइल समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
घटना के बाद विष्णुलोक कॉलोनी में गम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों और कामकाजी महिलाओं ने वारदात पर चिंता जताते हुए सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं और पीड़ित परिवारों के लिए न्याय की मांग की है।