
देहरादून। नवरात्र पर्व के अवसर पर अष्टमी और नवमी तिथि पर प्रदेशभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। घरों और मंदिरों में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इसके बाद कन्या पूजन कर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका सम्मान किया और भोजन कराया।
कन्या पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने कन्याओं से आशीर्वाद लिया और उन्हें उपहार व दक्षिणा भेंट की। नवरात्र के दौरान इस परंपरा का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता के अनुसार, कन्याओं को मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है।
आराघर स्थित पंचायती मंदिर में भी अष्टमी-नवमी पूजन के बाद कन्या पूजन किया गया। यहां माता के भक्तों ने श्रद्धा भाव से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
नवरात्र के अंतिम दिनों में कई श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के साथ अपने व्रत का पारण भी किया। घरों और मंदिरों में हुए आयोजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।