
दिल्ली में आयुष्मान भारत से लेकर आवास योजना तक का किया जिक्र, कहा- केंद्र की योजनाओं का जनता को मिल रहा सीधा लाभ
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा और राष्ट्रसेवा के 25 साल पूरे होने पर दिल्ली सरकार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिल्ली कैबिनेट ने इस अवसर पर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रधानमंत्री को बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली में कई योजनाओं को आगे बढ़ाया गया है और राजधानी के विकास में केंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि फरवरी 2025 में दिल्ली में सरकार बनने के बाद केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का जिक्र करते हुए बताया कि केंद्र सरकार की ओर से पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर दिया जाता है, जबकि दिल्ली सरकार ने इसमें पांच लाख रुपये अतिरिक्त जोड़ने की बात कही है।
सीएम के अनुसार, अब तक करीब नौ लाख लोग आयुष्मान योजना के तहत नामांकन करवा चुके हैं और लगभग 65 हजार क्लेम दिए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में करीब 425 आयुष्मान आरोग्य मंदिर बन चुके हैं और सरकार का लक्ष्य इनकी संख्या बढ़ाकर लगभग 1,100 करना है।
मुख्यमंत्री ने जन औषधि योजना, वय वंदना योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने प्रधानमंत्री के नाम से जुड़ी कुछ योजनाओं को अपनाने में रुचि नहीं दिखाई, जबकि मौजूदा सरकार इनका लाभ दिल्लीवासियों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इंडिया गठबंधन के विरोध-प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पहली बार नहीं हो रहा है और चुनाव आयोग पहले भी समय-समय पर यह प्रक्रिया करवाता रहा है।
सीएम ने सवाल उठाया कि पहले इस प्रक्रिया को लेकर विरोध क्यों नहीं किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर जनता द्वारा नकारे जाने के बाद विरोध करने का आरोप लगाया। वहीं, आम आदमी पार्टी को पंजाब के मुद्दों पर घेरते हुए उन्होंने वहां कानून-व्यवस्था और नशे के कारोबार को लेकर सवाल उठाए।
रेखा गुप्ता ने दावा किया कि विरोध-प्रदर्शन के कारण दिल्ली में व्यापारियों और आम जनता को परेशानी हुई तथा आर्थिक नुकसान भी हुआ। उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक हितों के लिए जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।