
बद्दी। हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी के दखड़ू माजरा में आठ वर्षीय बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को गिरफ्तार किया है। बच्ची के पिता रोशन लाल के बयान के आधार पर महिला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के नंदगांव निवासी रोशन लाल अपने परिवार के साथ दखड़ू माजरा में किराये के मकान में रहता है। पिता ने आरोप लगाया कि सोमवार सुबह उसकी पत्नी बच्ची को डांट रही थी और उसके साथ मारपीट भी की गई थी। इसके बाद वह दुकान से बिस्कुट लेने चला गया। इसी दौरान एक सब्जी विक्रेता ने उसे सूचना दी कि उसकी पत्नी बच्ची को पीट रही है।
जब रोशन लाल कमरे में पहुंचा तो बच्ची फर्श पर बेहोश पड़ी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जुन्गा से फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस की प्रारंभिक जांच में बच्ची के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, दम घुटने से मौत होने की आशंका जताई गई है। डीएसपी बद्दी योगराज ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर महिला को गिरफ्तार किया गया है। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।