
कुल्लू। मनाली से पठानकोट जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस शनिवार सुबह कुल्लू के बाशिंग में सड़क पर पलट गई। हादसा पुलिस लाइन बाशिंग के समीप सुबह करीब 6 बजे हुआ। दुर्घटना के समय बस में चालक और परिचालक समेत कुल छह लोग सवार थे। हादसे में चालक समेत पांच लोगों को चोटें आई हैं, जबकि परिचालक को भी हल्की चोट लगी है।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में सवार सभी लोगों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू ले जाया गया। फिलहाल सभी घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, मनाली से पठानकोट की ओर जा रही HRTC बस में चार यात्री, एक चालक और एक परिचालक मौजूद थे। बाशिंग के पास अचानक बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हादसे में घायल लोगों की पहचान श्याम लाल (45), निवासी बास्कोला कटरेन, कुल्लू, कृष्ण थापा (42), निवासी बंदरोल, कुल्लू, छाया देवी (25) और राकेश कुमार (31), दोनों निवासी कुठैड़, पठानकोट, तथा बस चालक मनमोहन सिंह (42), निवासी वहट, चुवाड़ी के रूप में हुई है। बस परिचालक प्रवीण (46), निवासी खन्नी, नूरपुर को भी चोट लगी है।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और बस सड़क पर कैसे पलटी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।