
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर उपमंडल के एक सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षक पर बच्चों के साथ कथित तौर पर अशोभनीय हरकत करने का आरोप लगा है। चाइल्ड हेल्पलाइन पर शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने भी संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है।
पुलिस के अनुसार, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 9 अक्तूबर को कक्षा में कॉपियां जांचते समय शिक्षक ने बच्चों को गलत तरीके से छुआ। इसके बाद बच्चों ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर शिकायत की।
BNS और POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
चाइल्ड हेल्पलाइन मंडी की शिकायत के आधार पर पधर पुलिस थाने में शिक्षक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75 और पॉक्सो अधिनियम की धारा 10 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत मिलने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की टीम ने स्कूल पहुंचकर मामले से संबंधित जानकारी जुटाई।
शिक्षा विभाग ने मांगी रिपोर्ट
मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के अनुसार, मामले में नियमानुसार जांच की जा रही है। वहीं, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक मंडी सुनील दत्त ने बताया कि घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी गई है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
फिलहाल आरोपों की जांच जारी है और मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।