
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पधर उपमंडल के सिल्हासवाड़ गांव में मां और चार वर्षीय बेटे के जहरीला पदार्थ निगलने के मामले में महिला के बयान से घटना की वजह सामने आई है। महिला जय ललिता ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे ने गलती से जहरीला पदार्थ निगल लिया था। इससे घबराकर उसने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। उपचार के बाद मां और बेटा दोनों स्वस्थ हैं।
घटना चार अक्तूबर की है। जिल्हण पंचायत के सिल्हासवाड़ गांव में एक राहगीर ने घर के भीतर से महिला और बच्चे के चिल्लाने की आवाजें सुनीं। इसके बाद दोनों को नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
चार वर्षीय बच्चा दो दिन के उपचार के बाद स्वस्थ हो गया था, जबकि 26 वर्षीय महिला करीब एक सप्ताह तक अस्पताल में भर्ती रही। हालत में सुधार होने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई और वह घर लौट आई है।
12 लोगों के बयान भी दर्ज किए
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। इस दौरान मायके और ससुराल पक्ष के 12 लोगों के बयान दर्ज किए गए। महिला के स्वस्थ होने के बाद पुलिस ने उसका बयान भी दर्ज किया, जिसमें उसने बेटे के गलती से जहरीला पदार्थ निगलने पर घबराकर खुद भी ऐसा कदम उठाने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने महिला के बयान दर्ज किए जाने की पुष्टि की है। पुलिस ने मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की है।