
देहरादून। उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या से जुड़े मामले में विशेष जांच दल (SIT) ने जांच तेज कर दी है। बृहस्पतिवार को ऑडियो रिकॉर्डिंग को न्यायालय के माध्यम से फॉरेंसिक लैब भेजे जाने की संभावना है। इसके लिए जरूरी दस्तावेजी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। वहीं, पुलिस मंत्री के पति गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के लिए साक्ष्य जुटा रही है। उनके नेपाल भागने की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मंत्री ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR
पिछले सप्ताह मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से उन्हें प्रताड़ित किया जाता रहा। इसके अलावा कंपनी के दस्तावेजों में कथित तौर पर जालसाजी कर उन्हें निदेशक पद से हटाने और विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के आरोप भी लगाए गए हैं। शिकायत में मारपीट की कोशिश किए जाने का आरोप भी शामिल है।
SIT ने दर्ज किए मंत्री के बयान
मामले की जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है। एसआईटी ने तीन दिन पहले मंत्री रेखा आर्या के बयान दर्ज किए थे। बताया जा रहा है कि मंत्री ने जांच दल को कुछ अतिरिक्त जानकारियां देने के साथ कथित जाली दस्तावेजों की संभावित बरामदगी से जुड़ी जानकारी भी दी है।
गिरधारी लाल साहू की तलाश जारी
पुलिस अब मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने और गिरधारी लाल साहू का पता लगाने में लगी है। उनके उत्तर प्रदेश के रास्ते नेपाल जाने की आशंका सामने आई है, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। अब जांच के दौरान जुटाए जाने वाले साक्ष्यों और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।