
मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से पर्यटन कारोबार में रौनक लौटने लगी है। रविवार और सोमवार के लिए शहर के होटलों में करीब 60 फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है। होटल कारोबारियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या और बढ़ेगी।
वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही के बीच इस शनिवार को यातायात व्यवस्था भी काफी हद तक सुचारु रही। पुलिस की ओर से किए गए इंतजामों के चलते पर्यटकों और स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिली।
होटल कारोबारियों को अच्छी बुकिंग की उम्मीद
मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि रविवार शाम और सोमवार के लिए करीब 60 फीसदी एडवांस बुकिंग हो चुकी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बिना एडवांस बुकिंग के आने वाले पर्यटकों की संख्या भी अच्छी रहेगी, जिससे होटल कारोबार को गति मिलेगी।
यातायात व्यवस्था से मिली राहत
वीकेंड पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने के बावजूद यातायात व्यवस्था बेहतर रहने से शहर में लोगों को राहत मिली। पर्यटन कारोबारियों को उम्मीद है कि रविवार और सोमवार को भी पर्यटकों की अच्छी आमद रहेगी और बाजारों व होटलों में गतिविधियां बढ़ेंगी।