प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कैबिनेट मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए
शिमला। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कैबिनेट मंत्री, विधायक और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, मंत्रियों और विधायकों ने शिमला के राम बाजार स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात सभी नेता जाखू हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा लंबे समय से भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है, लेकिन श्रीराम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी के मामले में चुप्पी साधे हुए है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा संवेदनशील विषय है, इसलिए इसकी निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराई जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे को केवल राजनीतिक विवाद के रूप में नहीं, बल्कि जनआस्था से जुड़े प्रश्न के रूप में उठाया जा रहा है। पार्टी के अनुसार, इस विषय को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन चलाया जाएगा। कांग्रेस ने बताया कि इस संबंध में रणनीति हाल ही में शिमला में आयोजित पार्टी की बैठक के दौरान तय की गई थी और आगामी दिनों में विरोध कार्यक्रमों को और तेज किया जाएगा।