
रामनगर, उत्तराखंड। राज्य कर विभाग की विशेष अनुसंधान शाखा (SIB) ने रामनगर के दो रिजॉर्ट में छापेमारी कर जीएसटी से जुड़ी अनियमितताओं का खुलासा किया है। विभाग की जांच में करीब 3 करोड़ रुपये की राजस्व क्षति सामने आई है। कार्रवाई के बाद एक रिजॉर्ट प्रबंधन ने देर रात एक करोड़ रुपये जमा करा दिए, जबकि शेष राशि जल्द जमा कराने की बात कही है।
बृहस्पतिवार को राज्य कर विभाग की टीम ने ग्राम भलौन और पीरूमदारा स्थित दो रिजॉर्ट में जांच की। इस दौरान जीएसटी से संबंधित प्रपत्रों, खातों और कारोबारी दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर विनय प्रकाश ओझा के मुताबिक, भलौन स्थित रिजॉर्ट में वर्ष 2025 से उत्तराखंड राज्य कर का भुगतान नहीं किया जा रहा था। जांच में यहां करीब ढाई करोड़ रुपये की राजस्व क्षति सामने आई। कार्रवाई के बाद रिजॉर्ट प्रबंधन ने एक करोड़ रुपये जमा करा दिए हैं। शेष राशि भी जल्द जमा कराने की बात कही गई है।
विभाग की जांच में पीरूमदारा स्थित दूसरे रिजॉर्ट में भी अनियमितता सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, रिजॉर्ट प्रबंधन ने बिना माल की बिक्री के फर्जी बिल तैयार कर करीब 50 लाख रुपये के जीएसटी रिफंड का दावा किया था। विभाग ने इस मामले में प्रबंधन को भविष्य में ऐसी गतिविधियां नहीं करने की चेतावनी दी है।
राज्य कर विभाग की इस कार्रवाई से पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों में जीएसटी अनुपालन को लेकर सख्ती का संदेश गया है। विभागीय जांच में सामने आई अनियमितताओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।