
AIIMS बिलासपुर में आज प्रथम दीक्षांत समारोह के आयोजन के चलते ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। इसके कारण सामान्य मरीजों का पंजीकरण और चिकित्सीय परामर्श नहीं हो सकेगा। एम्स प्रशासन ने नियमित जांच, फॉलोअप या सामान्य परामर्श के लिए आने वाले मरीजों से आज अस्पताल न आने की अपील की है।
दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्यातिथि के रूप में शामिल होंगी। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, उनके परिजन, अतिथि और संस्थान से जुड़े लोग मौजूद रहेंगे। इसी को देखते हुए मरीजों की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर एक दिन के लिए ओपीडी बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
ओपीडी बंद होने के बावजूद आपातकालीन सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहेंगी। किसी व्यक्ति को अचानक गंभीर स्वास्थ्य समस्या होने पर वह सीधे एम्स की इमरजेंसी में पहुंचकर उपचार ले सकता है।
वहीं, अस्पताल में पहले से भर्ती मरीजों की आईपीडी सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उनकी जांच, उपचार, दवाइयां और देखभाल नियमित रूप से जारी रहेगी।
एम्स के रजिस्ट्रार राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दीक्षांत समारोह के चलते ओपीडी बंद रखने का फैसला लिया गया है। नियमित जांच और सामान्य उपचार के लिए मरीज किसी अन्य दिन अस्पताल आ सकते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को देखते हुए एम्स परिसर में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को भी पुख्ता किया गया है। समारोह स्थल की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और राष्ट्रपति के प्रवेश से मंच तक रेड कार्पेट भी बिछाया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोमवार देर शाम एम्स पहुंचकर कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया था।