
देहरादून। गांधी जयंती और लॉन्ग वीकेंड के चलते 2 से 4 अक्तूबर तक देहरादून, मसूरी और ऋषिकेश में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। यह व्यवस्था 2 से 4 अक्तूबर तक प्रभावी रहेगी।
प्रमुख चौराहों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा।
मसूरी में पार्किंग क्षमता का 90 फीसदी उपयोग होने पर प्लान-बी लागू किया जाएगा। इसके तहत पर्यटकों के वाहनों को किंक्रेग पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। यहां से आगे जाने के लिए पर्यटकों को स्थानीय टैक्सियों का इस्तेमाल करना होगा।
अगर किंक्रेग पार्किंग भी पूरी तरह भर जाती है तो प्लान-सी लागू किया जाएगा। इसके तहत वाहनों को गज्जी बैंड से हाथीपांव रोड की ओर भेजा जाएगा।
दिल्ली, हरियाणा, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर और रुड़की से मसूरी जाने वाले वाहनों को डाटकाली, आईएसबीटी, शिमला बाईपास, बल्लूपुर और कैंट क्षेत्र की ओर से भेजा जाएगा।
वहीं ऋषिकेश और डोईवाला से मसूरी जाने वाले वाहनों के लिए थानो रोड, महाराणा प्रताप चौक और पुलिया नंबर छह के रास्ते का इस्तेमाल कराया जाएगा। इसके बाद वाहन सहस्रधारा क्रॉसिंग और आईटी पार्क होते हुए मसूरी पहुंच सकेंगे।
ऋषिकेश में यातायात का दबाव बढ़ने पर प्लान-बी लागू किया जाएगा। हरिद्वार और देहरादून से आने वाले वाहनों के लिए नेपाली फार्म, रायवाला, नटराज चौक, ढालवाला और बाईपास मार्गों का इस्तेमाल कराया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि लॉन्ग वीकेंड के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें और यातायात पुलिस द्वारा जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें।
गांधी जयंती के साथ तीन दिन के लॉन्ग वीकेंड को देखते हुए पुलिस की कोशिश है कि पर्यटन स्थलों पर बढ़ने वाले यातायात दबाव के बीच आवाजाही सुचारु बनी रहे।