
शिमला, हिमाचल प्रदेश। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिमला पुलिस की विशेष सेल ने शोघी के पास एक युवक को करीब 12 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्तूबर को विशेष सेल की टीम शोघी पुलिस चौकी के नजदीक एनएच-05 पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सोलन की ओर से आ रही एक बस को पुलिस टीम ने रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बस में सवार एक युवक पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधि करता नजर आया। पुलिस के मुताबिक, युवक ने अपनी जींस की जेब से कोई वस्तु निकालकर पैरों के नीचे छिपाने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने युवक की सीट की तलाशी ली तो वहां सिगरेट की एक डिब्बी बरामद हुई। डिब्बी के अंदर पारदर्शी पॉलिथीन पाउच में हल्के भूरे रंग का पदार्थ रखा था। जांच में पदार्थ चिट्टा पाया गया, जिसका वजन करीब 12 ग्राम बताया गया है।
आरोपी की पहचान मयंक नेगटा (25) निवासी तहसील चौपाल, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने कथित मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मामले में थाना बालूगंज (वेस्ट) में अभियोग संख्या 208/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले में चिट्टे की सप्लाई और इसके स्रोत समेत अन्य पहलुओं को लेकर आगे की जांच जारी है।