
शिमला। राजधानी शिमला में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस की स्पेशल सेल ने लोअर चक्कर क्षेत्र में एक आवासीय कमरे से करीब 56 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। मामले में बिलासपुर निवासी 28 वर्षीय महिला के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, 15 और 16 अक्तूबर की मध्यरात्रि को गुप्त सूचना के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने लोअर चक्कर स्थित एक कमरे में तलाशी ली। इस दौरान हीना पत्नी जगदीश, निवासी जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के कब्जे से करीब 56 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
NDPS एक्ट की धाराओं 21 और 29 के तहत मामला
पुलिस ने 16 अक्तूबर 2026 को प्राथमिकी संख्या 218/2026 दर्ज की। महिला के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
नशे की सप्लाई से जुड़े पहलुओं की जांच
पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान नशीले पदार्थ की सप्लाई और इस मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका समेत विभिन्न पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल पुलिस बरामदगी से जुड़े तथ्यों और अन्य साक्ष्यों की जांच में जुटी है।