
शिमला। संजौली चौक पर यातायात ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी से बहस, अभद्र भाषा के इस्तेमाल और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में दो व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना 22 अक्तूबर की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, डैशबोर्ड पर अनधिकृत फ्लैशर लाइट लगी होने के कारण एक वाहन को रोका गया था। इसके बाद वाहन में सवार व्यक्तियों और पुलिसकर्मी के बीच बहस हो गई। आरोप है कि दोनों ने पुलिसकर्मी को धमकाया और यातायात बाधित किया।
पुलिस थाना संजौली में राहुल शर्मा निवासी ढली और अर्णव निवासी लोअर कलस्टन के खिलाफ बीएनएस की धारा 221 और 3(5) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने पिस्तौल तानने के आरोपों को निराधार बताया है। मामले की जांच जारी है।