
शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बुधवार और वीरवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सात जिलों में अंधड़ और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है, जबकि चार जिलों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का येलो अलर्ट है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला में कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की संभावना है। वहीं, शिमला, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में 17 अक्टूबर तक मौसम खराब बना रह सकता है। इसके बाद 18 अक्टूबर से अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ होने का पूर्वानुमान है। मौसम में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट आने की संभावना है। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड बढ़ सकती है।
मंगलवार को राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहा और धूप खिली। ऊना में सबसे अधिक 33 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बिलासपुर में 30 डिग्री, कांगड़ा और मंडी में 29.5 डिग्री, नाहन में 27.2 डिग्री, धर्मशाला और सोलन में 27 डिग्री, शिमला में 23.8 डिग्री और मनाली में 19.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले तीन से चार दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री और अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में संभावित बर्फबारी को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही निकलें।