
हरिद्वार। ज्वालापुर के दुर्गा चौक के पास सोमवार को तेज रफ्तार बस के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा हो गया। बेकाबू बस ने सड़क किनारे एक निजी अस्पताल के बाहर खड़े ऑटो और चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हो गए।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में ऑटो चालक का एक हाथ कटकर अलग हो गया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस अचानक अनियंत्रित हुई और दुर्गा चौक के पास सड़क किनारे खड़े वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। बस की टक्कर से एक ऑटो और चार कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के दौरान एक कुत्ता भी बस की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल ऑटो चालक की मदद की और पुलिस को घटना की सूचना दी। हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की पूरी वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है।