
नई दिल्ली: दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पूरे दिन मध्यम से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारों की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आईएमडी के अनुसार, दिल्ली का न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री कम है। वहीं अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश के कारण राजधानी की हवा भी साफ हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार सुबह 9 बजे AQI 84 दर्ज किया गया, जो 'संतोषजनक' श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ-साथ पूरे एनसीआर और आसपास के कई जिलों में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। हरियाणा के गुरुग्राम, सोनीपत, झज्जर, रेवाड़ी, पलवल, नूंह सहित कई क्षेत्रों तथा उत्तर प्रदेश के मेरठ, बागपत, अलीगढ़, मथुरा, आगरा और राजस्थान के अलवर, भरतपुर, डीग समेत कई इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
उधर, गुरुग्राम में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और प्रमुख सड़कों पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। स्थिति को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर कॉर्पोरेट कंपनियों और निजी संस्थानों से कर्मचारियों को 6 अगस्त 2026 को वर्क फ्रॉम होम (WFH) की सुविधा देने का आग्रह किया है।
पुलिस का कहना है कि अनावश्यक वाहनों की आवाजाही कम होने से ट्रैफिक प्रबंधन आसान होगा और आपातकालीन सेवाओं के संचालन में भी मदद मिलेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें और मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखें।