
गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर कांवड़ लेने जा रहे एक युवक की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा रविवार देर रात छिजारसी कट के पास हुआ, जहां रोडवेज बस की टक्कर के बाद युवक सड़क पर गिर गया और पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया।
मृतक की पहचान नोएडा सेक्टर-44 के छलैरा गांव निवासी 21 वर्षीय दीपांशु के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त चुनू के साथ बाइक से हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहा था।
परिजनों के अनुसार, पीछे से आ रही रोडवेज बस ने बाइक को किनारे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने दीपांशु को रौंद दिया। हादसे के बाद न बस चालक रुका और न ही डंपर चालक मौके पर ठहरा।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में उसका साथी चुनू भी घायल हो गया, जबकि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतक के पिता चमन सिंह की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात रोडवेज बस चालक और डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस एनएच-9 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दोनों वाहनों की पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले की जांच जारी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।