
रानी खेड़ा बस डिपो के पास पुलिस ने दबोचे आरोपी, प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य अमित मान पर हमले की थी योजना; दोनों के खिलाफ दर्ज हैं 23 आपराधिक मामले
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में गैंगवार की एक बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए दो सक्रिय गैंग सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी रोहतक से दिल्ली आ रहे थे और उनका इरादा रानी खेड़ा इलाके में प्रतिद्वंद्वी गैंग के सदस्य अमित मान और उसके साथियों पर हमला करने का था। पुलिस की समय रहते की गई कार्रवाई से संभावित हिंसक वारदात टल गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल शर्मा उर्फ 'पचपच' और गौतम उर्फ 'बाउंसर' के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को रानी खेड़ा बस डिपो के पास एक काली कार को रोककर गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि राहुल शर्मा को एक साल के लिए दिल्ली से बाहर रहने का आदेश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद वह राजधानी में मौजूद था।
दोनों पर दर्ज हैं हत्या और लूट समेत 23 मामले
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी प्रेम नगर थाने में बदमाश के रूप में सूचीबद्ध हैं। राहुल शर्मा के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और लूट समेत नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि गौतम के खिलाफ 14 मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गैंगवार की साजिश और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।