देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। पुलिस विभाग में 198 दरोगाओं समेत कुल 1385 पदों पर भर्ती का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है। पुलिस मुख्यालय ने इन पदों पर सीधी भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) को प्रस्ताव भेज दिया है। इसके साथ ही कारागार विभाग ने भी 144 बंदीरक्षकों की भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा है। आयोग की ओर से जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति परेड के दौरान पुलिस विभाग में करीब 1500 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के क्रम में पुलिस मुख्यालय ने भर्ती का प्रस्ताव आयोग को भेजा है। प्रस्ताव में सिविल पुलिस, इंटेलीजेंस, पीएसी/आईआरबी और अग्निशमन विभाग के पद शामिल हैं।
पुलिस विभाग में 1187 कांस्टेबल और 198 दरोगा सहित अन्य वर्दीधारी पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। कांस्टेबल के पदों में जनपदीय पुलिस के 464 पुरुष और 238 महिला पद, पीएसी/आईआरबी के 284 पुरुष पद तथा फायरमैन के 201 पद शामिल हैं। वहीं, दरोगा के 198 पदों में सिविल पुलिस के 93, इंटेलीजेंस के 19, पीएसी/आईआरबी के 81 और अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पद शामिल हैं।
हालांकि, समूह-ग के वर्दीधारी पदों पर अग्निवीरों को क्षैतिज आरक्षण देने संबंधी नियमावली के तहत कुछ पदों का विवरण प्रस्ताव में शामिल नहीं किया गया है। ऐसे में भर्ती के कुल पदों की संख्या में बदलाव संभव है।
बंदीरक्षकों के 144 पदों पर भी भर्ती
कारागार विभाग ने भी प्रदेश की जेलों में बंदीरक्षकों के 144 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का प्रस्ताव भेजा है। इनमें पुरुष और महिला बंदीरक्षकों के पद शामिल हैं। भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य होगा। आयु सीमा 21 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। अब युवाओं को आयोग की ओर से भर्ती विज्ञापन और आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार है।