शिमला जिले में बनाए गए 16 परीक्षा केंद्र, कक्षा छठी में प्रवेश के लिए होगी चयन परीक्षा
विद्यार्थी आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं प्रवेश पत्र
शिमला। जवाहर नवोदय विद्यालय में कक्षा छठी में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए अहम खबर है। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST) 2027 के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी अब आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय ठियोग के प्राचार्य की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, जिला शिमला में परीक्षा के सुचारू आयोजन के लिए कुल 16 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। ये केंद्र शिमला, ठियोग, रामपुर, ननखड़ी, कुमारसैन, रोहड़ू, जुब्बल, चिड़गांव, क्वार, चौपाल, नेरवा और कुपवी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए हैं।
इस लिंक से डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
अभ्यर्थी जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2027 का प्रवेश पत्र इस लिंक पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं।
एडमिट कार्ड लिंक:
https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/AdminCard/Admit2027Card
आधिकारिक वेबसाइट:
https://navodaya.gov.in/
परीक्षा से पहले निर्देशों को ध्यान से पढ़ें
विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें। प्रवेश पत्र पर अंकित परीक्षा केंद्र, रिपोर्टिंग समय और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें। परीक्षा के दिन विद्यार्थियों को एडमिट कार्ड साथ लेकर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचना होगा। प्राचार्य ने अभिभावकों से परीक्षा संबंधी सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने का आग्रह किया है।