
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अर्नब के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 और 30 अक्तूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के चलते दिन के तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे प्रदेश में ठंड बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने वीरवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं, शुक्रवार को कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भी ऐसी मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। इसके अलावा शिमला, सोलन, सिरमौर, कुल्लू और किन्नौर के कुछ क्षेत्रों में 29 और 30 अक्तूबर को हल्की बारिश होने के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक शोभित कटियार के अनुसार, चक्रवात अर्नब का प्रभाव कमजोर पड़ने के बावजूद हिमाचल प्रदेश के मौसम पर महसूस किया जा सकता है। चक्रवात के तट से टकराने के दौरान इसकी रफ्तार 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई थी। इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए कमजोर पड़ गया। इसके अवशेष छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश से होकर आगे बढ़ सकते हैं। इसी मौसमी प्रणाली के कारण हिमाचल में 29 और 30 अक्तूबर को मौसम प्रभावित रहने की संभावना है। 31 अक्तूबर को भी कुछ क्षेत्रों में इसका असर देखने को मिल सकता है।
सोलन जिले में वीरवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से आसमान में बादल छाए रहे और करीब सात बजे गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। लगभग आधे घंटे तक हुई हल्की बारिश के बाद तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया। बारिश थमने के बाद भी आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार, जिले में आगे भी बारिश की संभावना बनी हुई है।
प्रदेश के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। मंगलवार रात कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि केलांग में माइनस 0.2 डिग्री और ताबो में 0.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं, मनाली में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री, शिमला में 12 डिग्री और धर्मशाला में 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिमाचल प्रदेश से एक अक्तूबर को मानसून की विदाई हो चुकी है, लेकिन इसके बाद भी बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 15 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में सामान्य बारिश का आंकड़ा 24.6 मिलीमीटर रहता है, जबकि इस बार करीब 28 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
मौसम विभाग के अनुसार, 29 और 30 अक्तूबर को मौसम में बदलाव के बाद 31 अक्तूबर तक कुछ क्षेत्रों में असर बना रह सकता है। हालांकि, एक नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है।