
हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत मोरसू सुल्तानी में ग्रामसभा के दौरान मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करने को लेकर विवाद हो गया। मामले में प्रदीप कुमार निवासी मोरसू पट्टी की शिकायत पर सदर थाना में पंचायत प्रधान रचना कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को सीडी-डीवीडी भी सौंपी है।
प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया कि वह ग्रामसभा की कार्यवाही की मोबाइल से रिकॉर्डिंग कर रहे थे। इसी दौरान पंचायत प्रधान ने उनका कॉलर पकड़ लिया और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। उन्होंने डराने-धमकाने और बैठक छोड़ने के लिए मजबूर करने का भी आरोप लगाया है।
वहीं, पंचायत प्रधान रचना कुमारी ने प्रदीप कुमार पर महिलाओं की बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग करने और आपत्ति जताने पर बहसबाजी व अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। प्रधान के अनुसार, पंचायत घर में ग्रामसभा का कोरम पूरा होने का इंतजार कर रहीं महिलाएं भजन-कीर्तन कर रही थीं। इसी दौरान प्रदीप कुमार ने उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिस पर महिलाओं ने आपत्ति जताई।
प्रधान ने शिकायत को झूठा बताते हुए कहा कि घटना का उल्लेख पंचायत के प्रस्ताव में किया गया है और बिना अनुमति वीडियो रिकॉर्डिंग पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने प्रस्ताव की प्रति खंड विकास अधिकारी को सौंपने की बात भी कही।
एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।