
गैरसैंण, चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले के गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मंगलवार को दो दिवसीय विधानसभा सत्र की कार्यवाही शुरू हो गई। सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस विधायकों ने प्रदेश के विभिन्न मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर की सीढ़ियों पर बैठकर प्रदर्शन किया। वहीं, दिवालीखाल में प्रदर्शन कर रहे प्रधान संघ के सदस्यों को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के युवा भी राजधानी गैरसैंण की मांग को लेकर नारेबाजी करते नजर आए।
विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने पर सदन में दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट को श्रद्धांजलि दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीसी खंडूड़ी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपने मूल्यों और सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं किया। राज्य आंदोलन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी पहल को भी याद किया गया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि खंडूड़ी का राजनीतिक जीवन पांच दशक से अधिक का रहा। उन्होंने सुशासन, प्रशासनिक अनुशासन और पारदर्शिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। मंत्री सतपाल महाराज ने भी उन्हें याद करते हुए कहा कि पहाड़ों में सड़कों के विकास को लेकर उनका विशेष जोर था, जिसके चलते उन्हें ‘रोड मैन’ के नाम से जाना जाता था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर बजट पेश कर रही है। इसमें नई योजनाओं को शामिल करने के साथ मौजूदा योजनाओं को गति देने और नवाचार पर ध्यान दिया गया है। विपक्ष के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा विधानसभा के भीतर होनी चाहिए।
सत्र के दौरान बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था और स्थानीय मुद्दों को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है। वहीं, सरकार ने विपक्ष के सवालों का जवाब तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर देने की रणनीति बनाई है। आगामी विधानसभा चुनावों से पहले हो रहे इस सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।