
शिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में ओल्ड बैरियर के समीप कई वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। हादसे में चार वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि सड़क पर यातायात भी बाधित हुआ।
घटना के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल करने के लिए कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो गया। फिलहाल हादसे के कारणों और इसमें किसी के घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस के निर्देशों की अनुपालना करने की अपील की है।