
बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नम्होल के नजदीक खलोटा में सड़क धंसने से राष्ट्रीय राजमार्ग-205 (NH-205) पर यातायात बंद कर दिया गया है। फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान सड़क धंसने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर छोटे-बड़े सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। पुलिस ने शिमला, बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी की ओर जाने वाले वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे मरम्मत कार्य पूरा होने तक बंद मार्ग से गुजरने का प्रयास न करें और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।
बिलासपुर और हमीरपुर से शिमला जाने वाले वाहन ब्रह्मपुखर, जुखाला, जब्बल पुल, रानीकोटला, खारसी और दाड़लाघाट मोड़ होते हुए शिमला पहुंच सकेंगे।
शिमला से मंडी की ओर जाने वाले वाहनों के लिए दाड़लाघाट मोड़, नवगांव, खारसी, रानीकोटला और बैरी का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
शिमला से बिलासपुर और हमीरपुर की ओर आने वाले वाहन दाड़लाघाट मोड़, खारसी, रानीकोटला, जब्बल पुल और घाघस-ब्रह्मपुखर के रास्ते से पहुंच सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित सफर के लिए अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचें और आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दें।
यातायात या सड़क से जुड़ी सहायता के लिए 01978-221059 और 01978-221060 पर संपर्क किया जा सकता है।
वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी लें और अतिरिक्त समय लेकर निकलें।