
नई दिल्ली: एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर पोस्टर चिपकाने और दीवारों पर काली स्याही से लिखावट करने का एक और मामला सामने आया है। शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर हुई इस घटना के बाद आईजीआई एयरपोर्ट मेट्रो पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 24 अक्टूबर को स्टेशन के इमरजेंसी गेट नंबर-5 के पास दीवार पर पोस्टर चिपके हुए मिले। वहीं, गेट नंबर-7 के पास शाफ्ट की दीवार पर काली स्याही से कुछ लिखा हुआ पाया गया। पुलिस ने दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट और मेट्रो रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
इससे पहले 20 अक्टूबर को नई दिल्ली से यशोभूमि स्टेशन पहुंची एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन की एक मेट्रो ट्रेन में भी दो पोस्टर मिले थे। ट्रेन के निरीक्षण के दौरान ऑपरेटर ने एक सीट पर ये पोस्टर देखे थे। ए4 आकार के काले-सफेद पोस्टरों में पिछले कुछ वर्षों में देश में हुए बदलावों और केंद्र सरकार के कामकाज को लेकर सवाल उठाए गए थे। साथ ही, क्यूआर कोड के जरिए लोगों को एक ऑनलाइन समूह से जुड़ने का आमंत्रण दिया गया था।
उस मामले में भी अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और जांच में स्पेशल सेल को शामिल किया गया था।
शिवाजी स्टेडियम मेट्रो स्टेशन पर सामने आए नए मामले के बाद पुलिस जांच में जुटी है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रेन के अंदर मिले पोस्टरों और स्टेशन की दीवारों पर पोस्टर चिपकाने व लिखावट करने की घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।