
हिमाचल प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। वन विभाग में सहायक वन रक्षकों के 500 पदों पर भर्ती की जाएगी। सरकार की ओर से जारी भर्ती योजना के अनुसार, 50 प्रतिशत पद खुली भर्ती और शेष 50 प्रतिशत पद वर्तमान में कार्यरत वन मित्रों के लिए आरक्षित रहेंगे। भर्ती प्रक्रिया हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से पूरी की जाएगी।
आयु सीमा 18 से 35 वर्ष, 12वीं पास होना जरूरी
भर्ती के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। आवेदन करने वाले उम्मीदवार का हिमाचल प्रदेश का बोनाफाइड निवासी होने के साथ संबंधित वन सर्किल का स्थायी निवासी होना भी अनिवार्य होगा।
100 अंकों की लिखित परीक्षा और शारीरिक दक्षता टेस्ट
चयन के लिए 100 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके अलावा शारीरिक दक्षता परीक्षा भी अनिवार्य होगी। पुरुष अभ्यर्थियों की न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर और महिला अभ्यर्थियों की 150 सेंटीमीटर होनी चाहिए। हालांकि, वर्तमान में कार्यरत वन मित्रों को शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट दी जाएगी।
पांच साल के लिए होगी नियुक्ति
चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में पांच साल के लिए निश्चित मासिक वेतन पर नियुक्त किया जाएगा। सभी चयनित उम्मीदवारों को छह महीने का प्रशिक्षण लेना होगा। इसके बाद होने वाली इंडक्शन परीक्षा में कम से कम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
सहायक वन रक्षकों की जिम्मेदारी वन बीट की निगरानी, अवैध कटान और अतिक्रमण रोकने, जंगलों को आग से बचाने और वन संपदा की सुरक्षा करने की होगी।
मिलेगा चिकित्सा और विशेष अवकाश
भर्ती योजना के तहत कर्मचारियों को हर महीने एक दिन का आकस्मिक अवकाश, साल में 10 दिन का चिकित्सा अवकाश और पांच दिन का विशेष अवकाश मिलेगा। महिला कर्मचारियों को 180 दिन का मातृत्व अवकाश और पुरुष कर्मचारियों को 15 दिन का पितृत्व अवकाश देने का प्रावधान है।
श्रेणीवार 10 प्रतिशत पदों के लिए प्रतीक्षा सूची भी तैयार की जाएगी, जो परिणाम घोषित होने के छह महीने तक मान्य रहेगी। हालांकि, इन कर्मचारियों पर नियमित सरकारी कर्मचारियों के पेंशन, सामान्य भविष्य निधि और अवकाश संबंधी नियम लागू नहीं होंगे।
वन रक्षकों के 500 पद समाप्त
योजना के अनुसार, वन रक्षक कैडर के 500 पद समाप्त कर उतने ही सहायक वन रक्षकों के पद सृजित किए गए हैं। इससे वन विभाग में भर्ती की व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
नोट: भर्ती के आवेदन की तारीख, आधिकारिक विज्ञापन और वेतन से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की आधिकारिक अधिसूचना देखना जरूरी है।