
6 किलोमीटर के जलमार्ग पर चलेगा क्रूज, 30 यात्रियों के बैठने की होगी क्षमता; ₹500 किराया और ₹50 प्रवेश शुल्क प्रस्तावित
नई दिल्ली। दिल्लीवासियों को अब पर्यटन के लिए गोवा जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यमुना किनारे सोनिया विहार में बुधवार से रिवर सफारी शुरू होने जा रही है। इस परियोजना के तहत लोगों को क्रूज की सैर के साथ खानपान, गेमिंग और बच्चों के लिए किड्स जोन जैसी सुविधाएं मिलेंगी। दावा है कि यहां दिल्ली में ही गोवा जैसा पर्यटन अनुभव उपलब्ध करवाया जाएगा।
कभी कूड़े और गंदगी की समस्या से जूझने वाले सोनिया विहार के यमुना तट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां सफाई, रास्तों के निर्माण, पार्किंग और दीवारों के रंग-रोगन का काम किया गया है। परिसर में कैंटीन और फूड पार्क सहित कई सुविधाएं भी विकसित की जा रही हैं।
योजना के अनुसार, वजीराबाद घाट से जगतपुर स्थित शनि मंदिर घाट तक करीब छह किलोमीटर के जलमार्ग पर क्रूज का संचालन होगा। इसकी आने-जाने की यात्रा लगभग 35 से 45 मिनट में पूरी होगी। क्रूज में एक बार में 30 यात्री सफर कर सकेंगे। इसके लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये किराया और परिसर में प्रवेश के लिए 50 रुपये शुल्क प्रस्तावित किया गया है। संचालन का समय सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक रखा गया है।
रिवर सफारी शुरू होने से आसपास के दुकानदारों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलने की उम्मीद है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से खानपान, चाय-नाश्ते, स्थानीय परिवहन और पार्किंग जैसी सेवाओं की मांग बढ़ सकती है। परिसर में गेमिंग और बच्चों के लिए किड्स जोन भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
परियोजना के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। स्थानीय निवासी नितेश पांडे के मुताबिक, सोनिया विहार पुस्ता मार्ग पर पहले से ही यातायात का दबाव रहता है। आसपास मैरिज होम और फार्म हाउस होने के कारण शादी-विवाह के सीजन में जाम की समस्या और बढ़ जाती है।
वहीं, स्थानीय निवासी गौरव मावी और अंकुर शर्मा का कहना है कि रिवर सफारी की सफलता के लिए यमुना की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना होगा। डीपीसीसी की सितंबर 2026 की निगरानी रिपोर्ट के अनुसार, वजीराबाद केंद्र पर यमुना के पानी में बीओडी 4 मिलीग्राम प्रति लीटर और फीकल कॉलीफॉर्म 1300 एमपीएन प्रति 100 मिलीलीटर दर्ज किया गया था।
अब देखना होगा कि रिवर सफारी दिल्ली में पर्यटन का नया केंद्र बनने के साथ-साथ यातायात और यमुना प्रदूषण जैसी चुनौतियों से कैसे निपटती है।

