
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर कांग्रेस ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल के खिलाफ की नारेबाजी; पुलिस ने संभाली स्थिति
मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी में जॉर्ज एवरेस्ट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले बुधवार को सियासी माहौल गरमा गया। भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़क पर आमने-सामने आ गए। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारे लगाए। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारेबाजी की। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप और नारेबाजी का दौर चलता रहा।
दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद कुछ समय तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
जॉर्ज एवरेस्ट में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले हुई इस घटना ने मसूरी का राजनीतिक माहौल गरमा दिया है। भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।