
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के पश्चिमी जिले के पंजाबी बाग इलाके में एक रेस्टोरेंट कारोबारी से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पंजाबी बाग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कारोबारी राजकुमार वालिया, जो क्लब रोड स्थित ब्रीथ फाइन लाउंज एंड बार का संचालन करते हैं, ने शिकायत में बताया कि उन्हें विदेशी नंबरों से लगातार वॉयस नोट और फोन कॉल के जरिए धमकियां मिलीं। धमकी देने वालों ने खुद को गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और मनीष खरखोदा बताया।
शिकायत के मुताबिक, 18 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे राजकुमार वालिया के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से वॉयस नोट आया। इसमें खुद को गोल्डी बराड़ बताने वाले शख्स ने 5 करोड़ रुपये की मांग करते हुए रकम न देने पर उन्हें या उनके परिवार के किसी सदस्य की हत्या करने की धमकी दी।
कारोबारी का आरोप है कि अगले दिन 19 जुलाई को भी एक विदेशी नंबर से दो बार कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मनीष खरखोदा, गोल्डी बराड़ का छोटा भाई बताते हुए पांच करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया। जब कारोबारी ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, तो आरोपी ने उन्हें और उनके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पंजाबी बाग थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस विदेशी नंबरों, वॉयस नोट और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर धमकी देने वालों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।