
देहरादून/नई दिल्ली: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बुधवार को नई दिल्ली में भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित होगी, जिसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर विशेष फोकस रहेगा।
भाजपा चुनावी रणनीति को जमीन पर उतारने के लिए विस्तारक योजना पर भी काम करेगी। इसका उद्देश्य बूथ स्तर के संगठन को सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बढ़ाना और चुनावी अभियान को प्रभावी बनाना है।
इसके अलावा भाजपा ने जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन की भी तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी के पांचों लोकसभा सांसद अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों के विधायकों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा करेंगे।
युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए भाजपा प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं से संवाद स्थापित कर चुनावी माहौल को मजबूत करने की रणनीति बनाई जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दिल्ली में होने वाली कोर कमेटी की बैठक में चुनावी रणनीति के विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा होगी। इसके बाद संगठन स्तर पर अलग-अलग बैठकें आयोजित कर इस रणनीति को धरातल पर लागू किया जाएगा।