
किन्नौर: किन्नौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर गुरुवार सुबह निगुलसरी के पास हुए भारी भूस्खलन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया। पहाड़ी से बड़े-बड़े पत्थर और भारी मात्रा में मलबा सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आ गिरा, जिससे सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए बंद हो गई। हाईवे बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने के बाद कई वाहन चालकों ने वैकल्पिक मार्ग का सहारा लिया, लेकिन वहां भी वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति बन गई। इससे किन्नौर और शिमला के बीच यात्रा करने वाले लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। कई वाहन लंबे समय तक सड़क खुलने का इंतजार करते रहे।
घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और मलबा हटाकर यातायात बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया। प्रशासन का कहना है कि सड़क को जल्द से जल्द खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही इस मार्ग पर यात्रा करें। यात्रा पर निकलने से पहले सड़क की ताजा स्थिति और मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
गौरतलब है कि बरसात के मौसम में किन्नौर-शिमला राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर भूस्खलन की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं। विशेष रूप से निगुलसरी क्षेत्र संवेदनशील माना जाता है, जहां बारिश के दौरान अक्सर पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने की घटनाएं होती हैं। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही सफर करने की सलाह दी है।