
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन में पर्यटन को नई पहचान देने के लिए एक महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू होने जा रही है। ब्यास नदी के ऊपर प्रदेश का पहला ग्लास स्काई वॉक (कांच का पुल) बनाया जाएगा, जहां पर्यटक पारदर्शी फर्श पर चलते हुए नीचे बहती ब्यास नदी और आसपास के खूबसूरत पहाड़ों का रोमांचक नजारा देख सकेंगे।
करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) के वित्तीय सहयोग से विकसित किया जाएगा। पुराने एसडीएम कार्यालय के समीप ब्यास नदी किनारे बनने वाला पांच मंजिला राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स प्रदेश की सबसे आधुनिक पर्यटन परियोजनाओं में शामिल होगा।
कॉम्प्लेक्स की सबसे ऊपरी मंजिल से 21 मीटर लंबा ग्लास स्काई वॉक बनाया जाएगा, जो करीब 25 मीटर ऊंचाई पर ब्यास नदी के ऊपर तक पहुंचेगा। इसी मंजिल पर आधुनिक रेस्टोरेंट भी बनाया जाएगा, जहां से पर्यटक प्राकृतिक वादियों का आनंद ले सकेंगे।
परियोजना में हिमाचल का पहला टनल एक्वेरियम, 150 वाहनों की पार्किंग, राफ्टिंग लॉन्चिंग और लैंडिंग प्वाइंट, चेंजिंग रूम, लॉकर, दो प्रशिक्षण हॉल, राफ्टिंग म्यूजियम, कैफेटेरिया, फूड कोर्ट और सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा घाट का सौंदर्यीकरण और आकर्षक लाइटिंग भी की जाएगी।
ग्लास स्काई वॉक और टनल एक्वेरियम जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में विकसित होने से नादौन प्रदेश का प्रमुख पर्यटन केंद्र बन सकता है। इससे हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर से बड़ी संख्या में पर्यटकों के आने की उम्मीद है।
करीब दो महीने पहले तकनीकी कारणों से परियोजना का टेंडर रद्द हो गया था। अब सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद प्रक्रिया दोबारा शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार अगले 10 दिनों के भीतर निर्माण के लिए नया टेंडर जारी कर दिया जाएगा।
परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर मनोहर लाल ने बताया कि नक्शों को अंतिम रूप दिया जा चुका है और यह प्रोजेक्ट निचले हिमाचल में पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।