
धर्मशाला/रांची: हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस छात्रों के मुद्दों पर चयनात्मक राजनीति कर रही है।
कंगना रनौत ने कहा कि आज की 'जेन-जी' पीढ़ी लंबे समय से कई तरह की परेशानियों का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं जैसी समस्याएं नई नहीं हैं और वर्षों से अलग-अलग राज्यों में सामने आती रही हैं।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कंगना ने कहा कि झारखंड में छात्र अपने अधिकारों के लिए सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस का कोई बड़ा नेता वहां नहीं पहुंचा। उन्होंने सवाल उठाया कि राहुल गांधी झारखंड के छात्रों से मिलने क्यों नहीं जा रहे हैं।
कंगना ने आगे कहा कि जब छात्रों को भड़काने या राजनीतिक लाभ लेने की बात आती है, तब राहुल गांधी सबसे पहले सामने आते हैं, लेकिन जहां छात्रों की वास्तविक समस्याएं हैं, वहां उनकी मौजूदगी दिखाई नहीं देती।
उन्होंने दिल्ली में हुए हालिया आंदोलन को लेकर भी राहुल गांधी के बयानों पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के युवाओं के मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय उनके समाधान पर ध्यान दिया जाना चाहिए।
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर छात्रों का प्रदर्शन लगातार जारी है और इसी मुद्दे पर कंगना रनौत का यह बयान अब राजनीतिक बहस का नया विषय बन गया है।