
चंबा: चंबा जिले के भरमौर उपमंडल की होली तहसील में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। लामू-हीलिंग मार्ग पर हीलिंग नाले के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान सुरेश कुमार (48) पुत्र रंगीला राम और संजय कुमार (35) पुत्र शर्मा सरवन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों किसी जरूरी काम से हीलिंग गए थे। देर रात करीब 11 बजे घर लौटते समय उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। बाद में पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। सुरेश कुमार अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं, जबकि संजय कुमार के परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल हादसे के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हो पाया है।