
चमोली: चमोली कोतवाली क्षेत्र के रांगतोली गांव में गुरुवार सुबह एक नवजात संदिग्ध परिस्थितियों में नाले के पास मिला। समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता से नवजात की जान बच गई। पुलिस ने उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे गोशाला जा रही एक महिला ने आम रास्ते के किनारे नाले के पास नवजात को पड़ा देखा। महिला ने इसकी सूचना तुरंत ग्राम प्रधान को दी।
सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान संतोष गुसांई और ग्राम प्रहरी मौके पर पहुंचे। प्रधान ने बताया कि जब उन्होंने नवजात को देखा तो उसके मुंह में बोतल की निप्पल/रबर डाली गई थी। जैसे ही रबर निकाला गया, नवजात की सांसें चलती हुई मिलीं। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। नवजात को अस्पताल में आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है और उसे वहां छोड़ने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी है।