
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के सेलाकुई थाना क्षेत्र के भाऊवाला में अवैध खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली के पहिए के नीचे आने से चालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई व मुआवजे की मांग की।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रूपन सिंह, निवासी समस्तीपुर (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वन सुरक्षा दल ने क्षेत्र में अवैध खनन के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली को देखा और उसका पीछा किया। इसी दौरान चालक वाहन से असंतुलित होकर पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने भाऊवाला पुल के पास शव रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने मामले की जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य करने की कोशिश की गई।