
NEET-UG 2026 परीक्षा विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी भावुक पोस्ट में उन्होंने कहा कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं, भावनाओं और न्यायोचित अपेक्षाओं का सम्मान करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है।
धर्मेंद्र प्रधान ने लिखा कि 3 मई 2026 की NEET-UG परीक्षा में अनियमितताएं सामने आने के बाद सरकार ने तुरंत CBI जांच कराई, परीक्षा रद्द की और दोबारा परीक्षा आयोजित की। साथ ही अगले वर्ष से NEET को पूरी तरह CBT (Computer-Based Test) मोड में कराने का फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि 21 जून को 20 लाख से अधिक छात्रों की परीक्षा सफलतापूर्वक कराई गई और 16 जुलाई को घोषित परिणामों में गरीब पृष्ठभूमि के कई मेधावी छात्रों को सफलता मिली। इसके बावजूद पिछले कुछ दिनों में बने हालात से वह बेहद आहत हैं।
अपने इस्तीफे की वजह बताते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि यह उनके लिए व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं है। उनका उद्देश्य है कि देश के युवाओं का भविष्य किसी कानूनी विवाद में न फंसे, छात्र पढ़ाई पर ध्यान दें और राष्ट्रविरोधी ताकतें मौजूदा स्थिति का फायदा न उठा सकें।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मंत्रिपरिषद, मंत्रालय के अधिकारियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और वह भविष्य में भी देश व युवाओं की सेवा के लिए समर्पित रहेंगे।