
अंब (ऊना): खंड विकास समिति (बीडीसी) अंब के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर दोनों पदों पर कब्जा कर लिया। कुठियाड़ी वार्ड की शारदा देवी बीडीसी अध्यक्ष और भटेड़ वार्ड के राजेश कुमार उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंब बाजार में विजय जुलूस निकालकर जश्न मनाया।
शनिवार को पंचायत समिति हॉल अंब में एसडीएम पारस अग्रवाल की अध्यक्षता में बीडीसी की तीसरी विशेष बैठक आयोजित की गई। इससे पहले दो बार गणपूर्ति और अन्य कारणों से चुनाव नहीं हो पाया था। चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपने-अपने पक्ष में बहुमत का दावा कर रहे थे।
22 सदस्यीय पंचायत समिति में अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में कांग्रेस समर्थित शारदा देवी को 15 वोट मिले, जबकि भाजपा समर्थित निर्मला देवी को 7 वोट प्राप्त हुए। शारदा देवी ने 8 मतों के अंतर से जीत हासिल की।
इसके बाद उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस समर्थित राजेश कुमार को 14 वोट मिले, जबकि भाजपा समर्थित रमन राजन को 8 वोट प्राप्त हुए। इस जीत के साथ कांग्रेस समर्थित गुट ने पंचायत समिति के दोनों प्रमुख पदों पर अपना कब्जा मजबूत कर लिया।
परिणाम घोषित होने के बाद विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को बधाई देते हुए कहा कि इस जीत से क्षेत्र के ग्रामीण विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंब बाजार में विजय जुलूस निकाला और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया।