भारतेंदु संवाददाता, अमृतसर
अमृतसर जिले के अजनाला क्षेत्र में पुलिस ने एंटी-ड्रग स्मगलिंग ऑपरेशन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 6.72 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशेर सिंह निवासी गांव बचीविंड, थाना लोपोके के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी अजनाला में बीएसएफ कैंपस के सामने स्थित सिबा कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने आरोपी के किराए के मकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 6.72 किलो हेरोइन बरामद हुई, जिसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और संभावना है कि इससे अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी नेटवर्क तथा अन्य जुड़े लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।