
अयोध्या राम मंदिर में कथित चंदा चोरी और NEET पेपर लीक मामले के विरोध में शनिवार देर शाम ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद की अध्यक्षता में पालमपुर शहर में शांतिपूर्ण कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, स्थानीय विधायक आशीष बुटेल और राज्य कृषि सहकारी एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष संजय चौहान सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कैंडल मार्च शहीद विक्रम बतरा मैदान से शुरू होकर शहर के निचले बाजार तक निकाला गया। हाथों में मोमबत्तियां लिए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया।
मार्च के दौरान किसी तरह की नारेबाजी या शोर-शराबा नहीं किया गया। पूरा जुलूस शांतिपूर्वक आगे बढ़ा और मार्ग भर "रघुपति राघव राजा राम" भजन की गूंज सुनाई देती रही।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह कैंडल मार्च युवाओं की आवाज बुलंद करने और कथित अनियमितताओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई।