
देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि गुजरात के कई इलाकों में भी जलभराव और बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, राज्य के 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, जहां 7.21 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से अब तक 47 लोगों की मौत हो चुकी है। कुल 883 गांव और 37 राजस्व सर्किल प्रभावित हैं, जबकि 25,375 हेक्टेयर से अधिक फसल को नुकसान पहुंचा है।
सबसे ज्यादा प्रभावित शिवसागर जिला है, जहां 3.75 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने 103 राहत शिविर और 255 राहत वितरण केंद्र शुरू किए हैं। 24 हजार से अधिक लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं, जबकि 2.39 लाख से अधिक लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
उधर, गुजरात में भी मूसलाधार बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात हैं। वाव-थराद जिले के भाभर में बाजारों और दुकानों में पानी भर गया है। सूरत में 2,200 लोगों को सुरक्षित शेल्टर होम में पहुंचाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से फोन पर बात कर हालात की जानकारी ली और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी राज्य सरकार को हर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।