
ओटीपी समस्या के कारण सैकड़ों लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी भारतेंदु संवाददाता, जालंधरओटीपी समस्या के कारण सैकड़ों लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी भारतेंदु संवाददाता, जालंधर
पंजाब सरकार की ओर से लागू किए गए ईजी रजिस्ट्री सिस्टम में लगातार किए जा रहे तकनीकी बदलावों के चलते रजिस्ट्री प्रक्रिया एक बार फिर प्रभावित हुई है। बुधवार को ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण जालंधर के सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों में करीब दो घंटे तक रजिस्ट्रेशन का काम बाधित रहा। सिस्टम में लॉगिन नहीं होने के कारण अधिकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं ऑनलाइन टोकन जारी करने की प्रक्रिया भी पूरी तरह रुक गई। इससे रजिस्ट्री करवाने पहुंचे सैकड़ों लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ईजी रजिस्ट्री सिस्टम में हाल ही में कुछ तकनीकी बदलाव किए गए थे। इन बदलावों के बाद सब-रजिस्ट्रार और ज्वाइंट सब-रजिस्ट्रार के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर ओटीपी प्राप्त नहीं हो रहे थे। ओटीपी नहीं मिलने के कारण अधिकारी सिस्टम में लॉगिन नहीं कर पाए और दस्तावेजों के पंजीकरण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
तकनीकी समस्या का असर कार्यालयों में बने हेल्प डेस्क पर भी देखने को मिला, जहां ऑनलाइन टोकन जारी करने का काम बंद हो गया। सुबह निर्धारित समय पर अप्वाइंटमेंट लेकर पहुंचे लोगों को लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ा। कई लोग अपने जरूरी काम पूरे नहीं होने के कारण परेशान नजर आए। लोगों का कहना था कि वे दूर-दराज के इलाकों से समय निकालकर कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण उन्हें काफी समय तक इंतजार करना पड़ा।
सब-रजिस्ट्रार-1 कार्यालय में करीब 130 ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट बुक थीं, लेकिन तकनीकी बाधा के कारण देर शाम तक केवल 111 दस्तावेजों का ही रजिस्ट्रेशन हो सका। इसी तरह सब-रजिस्ट्रार-2 कार्यालय में 80 अप्वाइंटमेंट में से केवल 66 दस्तावेजों को ही ऑनलाइन मंजूरी मिल पाई। तकनीकी समस्या दूर होने के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने अतिरिक्त समय तक कार्यालय में रुककर लंबित मामलों का निपटारा किया।